बस्ती के जयपुरिया स्कूल में पेंटिंग का काम कर रहे 30 वर्षीय पेंटर वेद प्रकाश की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें घटना का खौफनाक मंजर कैद हुआ है। गंभीर हालत में वेद प्रकाश को पहले बहादुरपुर सीएचसी और फिर कैली अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
तस्वीरों में दिखाई दे रहा यह CCTV फुटेज बस्ती के जयपुरिया स्कूल का बताया जा रहा है। जहां 30 वर्षीय वेद प्रकाश पेंटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। कुछ ही सेकेंड में हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में वेद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे बहादुरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे कैली अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान वेद प्रकाश ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ, लेकिन परिवार को इसकी सूचना शाम करीब 7:30 बजे दी गई। मृतक के भाई सूर्य नारायण ने स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर सूचना दी जाती और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते, तो स्थिति अलग हो सकती थी।
फिलहाल हादसे का CCTV फुटेज सामने आने के बाद स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मृतक के परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।