उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। एक घर के अंदर कोबरा प्रजाति के दर्जनों बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। सर्प मित्र ने घंटों की मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सबसे बड़ा खतरा अब भी बरकरार है, क्योंकि नाग और नागिन का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
मामला वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बेलभरिया गांव का है। यहां एक परिवार को घर के सामान से भरे कमरे से कई दिनों से चूहों की तेज दुर्गंध और सांपों की फुफकार जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। शक होने पर सर्प मित्र अजय को बुलाया गया। जैसे ही कमरे की तलाशी शुरू हुई, वहां से एक-एक कर कोबरा प्रजाति के दस से अधिक बच्चे निकलने लगे। यह दृश्य देखकर परिवार और आसपास के लोग सहम गए।सर्प मित्र ने बेहद सावधानी के साथ सभी बच्चों का रेस्क्यू किया और उन्हें सुरक्षित डिब्बों में रखकर जंगल में छोड़ दिया। लेकिन जांच के दौरान नाग और नागिन नहीं मिले। आशंका जताई जा रही है कि दोनों अब भी घर या उसके आसपास कहीं छिपे हो सकते हैं। इसी वजह से परिवार ने एहतियात के तौर पर घर खाली कर दिया है और गांव के लोग भी डर के साये में जी रहे हैं। सर्प मित्र का कहना है कि जहां कोबरा के बच्चे मिलते हैं, वहां आसपास बड़े सांप होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि बिना जांच के कमरे में प्रवेश न करें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। फिलहाल नाग और नागिन की तलाश जारी है, जबकि पूरे गांव में इस घटना की चर्चा बनी हुई हैं

