भोजपुरी फिल्मों के चर्चित अभिनेता सी.पी. भट्ट उर्फ 'ढेला बाबा' बिहार के भोजपुर जिले पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। अभिनेता ने शहीद की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और साफ शब्दों में कहा कि भरत तिवारी के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग उठाई।"
गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र के निवासी भोजपुरी अभिनेता सी.पी. भट्ट रविवार को बिहार के भोजपुर जिले के विलौटी गांव पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने शहीद भरत भूषण तिवारी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शहीद की मां और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
सी.पी. भट्ट ने कहा कि भरत तिवारी ने देश और समाज के लिए जो बलिदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बिहार सरकार से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
अभिनेता ने सरकार से शहीद का सम्मानजनक दर्जा देने, परिवार के दो सदस्यों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने और हर संभव आर्थिक व सामाजिक सहायता देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय और सम्मान की लड़ाई है, जिसमें पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

न्यूज़ इंडिया प्राइम  कि रिपोर्ट